जिला कुल्लू के मशियार पंचायत में ग्रामीणों के सहयोग से स्थापित हुआ नया 100 केवीए ट्रांसफार्मर

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

बंजार, परस राम भारती

जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की दूर दराज ग्राम पंचायत मशियार के अंतर्गत आने वाले गांव कमेड़ा, मंझली और मशियार के लोगों को लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या से आखिरकार राहत मिल गई है। यहां 68 केवीए की जगह अब 100 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है, जिससे बिजली व्यवस्था में सुधार आया है।

इन गांवों में पिछले कई महीनों से खराब ट्रांसफार्मर और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों द्वारा बार-बार शिकायतें करने के बावजूद समाधान नहीं हो पा रहा था। इसके बाद इस मुद्दे को मीडिया में प्रमुखता से उठाया गया, जिसके चलते बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। खबर का असर यह रहा कि मात्र तीन दिनों के भीतर ही विभाग ने मंगलवार को नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया।

नए ट्रांसफार्मर के लगने से अब तीनों गांवों में बिजली की आंख-मिचौली और कम वोल्टेज की समस्या से काफी हद तक राहत मिल गई है। ग्रामीणों के घरों में अब बिजली उपकरण सुचारू रूप से चलने लगे हैं, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।

इस कार्य की खास बात यह रही कि कठिन पहाड़ी रास्तों के बावजूद स्थानीय ग्रामीणों ने स्वयं ट्रांसफार्मर को उठाकर स्थल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जो सराहनीय है।

स्थानीय निवासी भाग सिंह, रामकृष्ण, नीलचंद, गुमत राम, वेद राम, हेतराम, पुने राम, टेकराम, राम सिंह, अमर भारती, प्रकाश ठाकुर, रूपेंद्र ठाकुर, प्रेम सिंह, डूर सिंह, हेमराज, ढेवा राम, नारायण सिंह, टीकम राम, रोशन ठाकुर, ताराचंद, धनेराम, गोविंद सिंह और भागचंद सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि अब गांव को उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर से बेहतर बिजली सुविधा मिल रही है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ मीडिया का भी आभार जताया, जिनके संयुक्त प्रयासों से यह समस्या हल हो पाई। ग्रामीणों का कहना है कि अब उम्मीद है कि भविष्य में बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहेगी और उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *