सुरभि न्यूज़
परस राम भारती, तीर्थन घाटी बंजार
जिला कुल्लू में उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी के खूबसूरत भिंडी थाच मैदान में 7 अप्रैल से “शहीद लगन चंद मेमोरियल कप 2026 सीजन-6 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। हर साल की तरह इस बार भी यह टूर्नामेंट खेल प्रेमियों और स्थानीय युवाओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस प्रतियोगिता में 100 से ज्यादा टीमों के हिस्सा लेने की संभावना है।
8700 फीट की ऊंचाई पर घने जंगलों और पहाड़ों के बीच स्थित भिंडी थाच मैदान अपनी प्राकृतिक सुंदरता और विशालता के लिए प्रसिद्ध है। यहां क्रिकेट खेलने का अनुभव खिलाड़ियों के लिए बेहद रोमांचक होता है। यह मैदान कुल्लू के ढालपुर मैदान से लगभग दोगुना बड़ा माना जाता है।
इस टूर्नामेंट का आयोजन ग्राम पंचायत शिल्ही की खेलकूद एवं पर्यटन विकास समिति द्वारा शहीद सैनिक लगन चंद की स्मृति में किया जा रहा है, जिन्होंने वर्ष 2020 में राजस्थान के बीकानेर में देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर किए थे। उनकी याद में हर वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का विषय बन चुका है।
आयोजन समिति के अनुसार इस बार प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1,75,000 रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 88,000 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को भी 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए एंट्री फीस 6600 रुपये रखी गई है।
खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को भी सम्मानित किया जाएगा। मैन ऑफ द सीरीज को 4100 रुपये और ट्रॉफी, जबकि सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज और विकेटकीपर को 2100 रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी। इसके अलावा खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए फेयर प्ले अवार्ड भी रखा गया है। इस आयोजन की एक खास बात यह है कि प्रतियोगिता के अंतिम दो दिनों में स्थानीय महिला मंडलों के लिए रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी।
आयोजन समिति द्वारा इस टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण फेसबुक और यूट्यूब के माध्यम से किया जाएगा, जिससे दूर-दराज के लोग भी इस रोमांचक प्रतियोगिता का आनंद ले सकेंगे। खिलाड़ियों के लिए ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था और भोजन की उचित सुविधा भी समिति द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश, उपाध्यक्ष निक्का राम, सचिव मनोहर लाल (भोजू) सहित पूरी टीम इस आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई है। समिति ने सभी टीमों से अपील की है कि वे समय पर पंजीकरण करवाएं और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें।
समिति का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखना, सेना में जाने के लिए प्रेरित करना और क्षेत्र में खेल एवं पर्यटन को बढ़ावा देना है।
समिति का कहना है कि यह आयोजन शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ भिंडी थाच को भविष्य में खेल और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।











