प्रवासी मजदूरों व उनके बच्चों के लिए कारगा में आधार पंजीकरण एवं अपडेशन शिविर आयोजित

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 06 अप्रैल
जिला प्रशासन लाहौल स्पीति के निर्देशानुसार जिला के दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत प्रवासी मजदूरों तथा उनके बच्चों को सरकारी सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को कारगा क्षेत्र में आधार पंजीकरण एवं अपडेशन शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर सीमा सड़क संगठन (BRO), महिला एवं बाल विकास विभाग (WCD), ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक डीआईटी तथा आधार टीम के संयुक्त समन्वय से आयोजित किया गया। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग लाहौल स्पीति विभाग संजय डोगरा ने शिविर के आयोजन पश्चात दी।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान प्रवासी मजदूरों तथा उनके बच्चों के आधार पंजीकरण और आधार विवरण के अपडेशन  की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया गया। आधार टीम द्वारा मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर आधार पंजीकरण और अपडेट से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं, जिससे मजदूरों को दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
कार्यक्रम में सीमा सड़क संगठन (BRO) के अधिकारियों, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों तथा ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक डीआईटी की सक्रिय भागीदारी रही। सभी विभागों ने आपसी समन्वय से शिविर के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और प्रवासी मजदूरों को आधार से जुड़ी सेवाएं प्राप्त करने में सहयोग दिया।
इसके अतिरिक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी शिविर में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रवासी मजदूरों के बच्चों का पंजीकरण पोषण ट्रैकर ऐप में किया, जिससे बच्चों को पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों की पोषण स्थिति की नियमित निगरानी करना तथा उन्हें आंगनवाड़ी सेवाओं से जोड़ना है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग संजय डोगरा ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों और उनके परिवारों को आधार जैसी महत्वपूर्ण पहचान सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे उन्हें विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं सेवा शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक प्रवासी श्रमिक और उनके बच्चे सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *