जिला ऊना में पूर्व फौजी की हैवानियत, फल तोड़ने पर प्रवासी बच्ची को बेरहमी से किया प्रताड़ित

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ऊना, 06 अप्रैल

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के बहडाला गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पूर्व सैनिक द्वारा एक प्रवासी मासूम बच्ची को महज एक अमरूद तोड़ने की मामूली बात पर बेरहमी से प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं आरोपी ने बच्ची को सीढ़ियों से बांधकर उसकी पिटाई की, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

कैप्टन रोहित जसवाल ने साहस का परिचय दिया और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी रोष फैल गया।

कैप्टन रोहित जसवाल ने हालात बिगड़ते देख बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और उसे सुरक्षित उसके घर पहुंचाया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन को तुरंत सूचना दी।

सूचना मिलते ही पहले चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची। जिसे देखकर पूर्व सैनिक के तेवर बेहद नरम पड़ गए और उसने तुरंत अपने कृत्य के लिए माफी मांग ली। हालांकि मामला तेजी से फैल गया और बात प्रशासनिक अधिकारियों तक जा पहुंची। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।

जिला प्रशासन के निर्देश पर आरोपी पूर्व सैनिक के खिलाफ बच्ची को प्रताड़ित करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित बच्ची का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया है। वहीं, उपायुक्त जतिन लाल और पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *