मंडी में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा हिमाचल दिवस समारोह

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

मंडी, 6 अप्रैल

हिमाचल दिवस पर जिला स्तरीय समारोह 15 अप्रैल, 2026 को मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर आज यहां अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।

डॉ. मदन कुमार ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि 15 अप्रैल को सुबह 11.00 बजे ध्वजारोहण कर भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। साथ ही परेड का निरीक्षण करेंगे और अपना संदेश देंगे। इससे पहले मुख्य अतिथि इंदिरा मार्केट परिसर में स्थित संकन गार्डन में शहीद स्मारक पर और गांधी चौक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

उन्होंने बताया कि मार्च पास्ट में पुलिस, गृह रक्षक, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बच्चे भाग लेंगे। समारोह में स्थानीय स्कूलों व अन्य संस्थानों द्वारा लोक संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने भाषा, कला एवं संस्कृति और सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरे करने को कहा।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने आयोजन से जुड़े लोक निर्माण, पुलिस, नगर निगम, जल शक्ति, विद्युत बोर्ड, गृह रक्षक, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मंडीवासियों से समारोह में सहभागिता जताने के लिए अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का आग्रह भी किया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, उपमंडलाधिकारी (ना.) सदर रुपिंदर कौर, सहायक आयुक्त कुलदीप सिंह पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *