अटल टनल नॉर्थ पोर्टल में हिमस्खलन, प्रशासन के एहतियाती आदेश से टली जनहानि-किरण भड़ाना

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 07 अप्रैल
उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहौल स्पीति किरण भड़ाना ने जानकारी  देते हुए बताया कि प्रशासन द्वारा  प्राकृतिक आपदाओं की संभावनाओं को देखते हुए अटल टनल (रोहतांग) के नॉर्थ पोर्टल क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा के लिए 2 अप्रैल 2026 को एहतियाती आदेश जारी किए थे,यह आदेश क्षेत्र में हिमस्खलन, बर्फ खिसकने, पत्थर गिरने तथा अचानक मौसम परिवर्तन जैसी संभावित प्राकृतिक आपदाओं के खतरे को ध्यान में रखते हुए लागू किए गए थे ।
उन्होंने बताया कि प्रशासन को प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के बाईं ओर की पहाड़ियां, टनल के आसपास का क्षेत्र तथा चंद्रा ब्रिज और इसके आसपास का इलाका हिमस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील पाया गया था। बढ़ती पर्यटक आवाजाही और व्यावसायिक गतिविधियां लोगों की सुरक्षा के लिए जोखिम बन सकती थी।
इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन  द्वारा इन क्षेत्रों को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया था। आदेश के तहत पर्यटकों एवं आम जनता के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी तथा वेंडरों, अस्थायी दुकानों, फोटोग्राफी प्वाइंट और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। साथ ही प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहनों के रुकने, पार्किंग करने या भीड़ एकत्र करने की अनुमति नहीं थी।
हाल ही में दिनांक 05 अप्रैल 2026 को अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल क्षेत्र में हिमस्खलन की घटना घटित हुई, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा समय रहते उठाए गए एहतियाती उपायों के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई तथा संभावित रूप से होने वाली जनहानि को टाला जा सका तथा कई अनमोल जिंदगियों की रक्षा हुई।
जिला प्रशासन यह पुनः स्पष्ट करना चाहता है कि प्रशासन द्वारा जारी किए गए सभी निर्देश एवं आदेश जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही लागू किए जाते हैं। इनका उद्देश्य किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न करना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें, प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सुरक्षा मानकों का अनुपालन करें। आपकी सतर्कता और सहयोग से ही हम सभी सुरक्षित रह सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *