सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 07 अप्रैल
कुल्लू जिला भुंतर उपमंडल के अंतर्गत बगीचा (पीपलागा) गांव में सोमवार दोपहर एक रिहायशी मकान में आग लगने से करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
अग्निशमन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने की सूचना दोपहर 2.51 बजे मिली, जिसके तुरंत बाद दमकल की टीम मौके के लिए रवाना हुई और करीब 15 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
आग में मकान की पहली मंजिल पर बने छह कमरों की लकड़ी की फ्लोरिंग, पैनलिंग, छत तथा घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। हालांकि दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को समय रहते काबू में कर लिया गया, जिससे लगभग 40 लाख रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया।










