Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू: 8 अप्रैल
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, कुल्लू सदर से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के पिता तथा मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ के बड़े भाई के अकस्मात निधन पर उनके पैतृक निवास तेगूबहड़ तथा कटराईं पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
विधानसभा अध्यक्ष, कुलदीप सिंह पठानिया ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका निधन दोनों परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस दुःख की घड़ी में संबल दें।
उप मुख्य सचेतक, केवल सिंह पठानिया ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार के वरिष्ठ सदस्यों का जाना एक ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं हो सकती। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और उन्हें धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की। हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह दोनों परिवारों के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।इंडियन नेशनल लोक दल के अध्यक्ष, अभय सिंह चौटाला ने भी दोनों परिवारों के निवास स्थान पर पहुंचकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।













