खेल जगत : आनी में पाँच दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, एकलव्य सदन रहा अव्वल

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा आनी : 08 अप्रैल

सर्वपल्ली राधाकृष्णन बी.एड./एम.एड. एवं डिग्री कॉलेज, बालना (नोगली) में पाँच दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम का समापन भव्य मार्च पास्ट के साथ हुआ, जिसमें कॉलेज के सभी सदनों के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्थान के संस्थापक डॉ0 मुकेश कुमार ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया।

अपने संबोधन में उन्होंने खेलकूद प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए समस्त प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं, शिक्षक एवं गैर-शिक्षक वर्ग का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ प्रशिक्षुओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं तथा खेल कौशल को निखारने में सहायक होती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि वार्षिक खेल प्रतियोगिता प्रशिक्षुओं को उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती है और उनके समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस खेल उत्सव में पाँच दिनों तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर (डॉ.) सुरेंद्र शर्मा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) (दूरवर्ती शिक्षा विभाग), ने शिरकत की।

उन्होंने अपने वक्तव्य में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है, इसलिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं।” समारोह की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुई। तत्पश्चात् छात्रों ने नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित दर्शकों का मनोरंजन किया।

इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। वॉलीबॉल बॉयज में एकलव्य सदन ने प्रथम स्थान व गौतम बुद्ध सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल गर्ल्स में गौतम बुद्ध ने प्रथम स्थान व कौटिल्य सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सौ मीटर दौड़ में एकलव्य सदन के तोनिश एवं सुमन ने प्रथम स्थान, जबकि अर्जुन सदन के लुकेश एवं श्रुति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। क्रिकेट बॉयज में एकलव्य सदन ने प्रथम स्थान व कौटिल्य सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। क्रिकेट गर्ल्स में अर्जुन सदन ने प्रथम स्थान व एकलव्य सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खो-खो प्रतियोगिता में गौतम बुद्ध सदन ने प्रथम तथा कौटिल्य सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

समग्र (ओवरऑल) प्रदर्शन में एकलव्य सदन ने 15 गोल्ड मैडल जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा संस्थान द्वारा ₹11,000 की नकद राशि से सम्मानित किया गया। अर्जुन सदन ने 11 गोल्ड मैडल एवं ₹5,100 की नकद राशि के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मार्च पास्ट प्रतियोगिता में भी एकलव्य सदन ने बाज़ी मारी।

 

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पदक एवं ट्रॉफियों से सम्मानित किया गया। छात्र वर्ग में तोनिश को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तथा छात्रा वर्ग में इशिता को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। इस अवसर पर संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, सभी छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक एवं सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और छात्रों में आत्मविश्वास तथा टीम भावना का विकास करते हैं।

पाँच दिवसीय इस खेलकूद प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़, रिले रेस, थ्री-लेग रेस, सैक रेस, खो-खो, टेबल टेनिस, कैरम, क्रिकेट, शतरंज, लॉन्ग जंप, हाई जंप, जैवलिन थ्रो, शॉट पुट, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। छात्रों ने पूरे उत्साह एवं एकजुटता के साथ इस खेल महोत्सव में भाग लेकर संस्थान का गौरव बढ़ाया।

इस आयोजन की सफलता में शिक्षकों की कड़ी मेहनत एवं छात्रों के उत्साह का महत्वपूर्ण योगदान रहा अंत में, इस वर्ष की पाँच दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ, जो भविष्य में संस्थान के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर संस्थान के सलाहकार श्री ए. के. गोस्वामी सहित सभी शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *