आनी में ओलावृष्टि और भारी बारिश से तबाही, किसान मोर्चा ने मुख्यमंत्री से लगाई राहत की गुहार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

छविन्द्र शर्मा, आनी

विधानसभा क्षेत्र में बीते दिनों हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। सेब. मटर सहित अन्य नगदी फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं, जिससे क्षेत्र के किसानों और बागवानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा किसान मोर्चा आनी तथा दलाश मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह आनी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दूनी चंद की उपस्थिति में हुई। जिसमें दोनों मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आनी क्षेत्र में सेब और मटर किसानों की मुख्य नगदी फसलें हैं, जिन पर ही उनकी आजीविका निर्भर करती है। हाल ही में हुई प्राकृतिक आपदा के कारण इन फसलों का व्यापक नुकसान हुआ है, जिससे किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। किसान मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि प्रभावित किसानों और बागवानों को शीघ्र उचित राहत राशि और मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वे इस कठिन समय से उबर सकें। साथ ही फसलों के नुकसान का विशेष सर्वे करवाकर वास्तविक स्थिति का आंकलन करने की भी मांग उठाई गई।

बैठक के बाद एक ज्ञापन उपमंडल अधिकारी (ना.) आनी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया। ज्ञापन में सरकार से अपील की गई है कि इस गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत प्रभाव से राहत कार्य शुरू किए जाएं और किसानों के हित में ठोस निर्णय लिए जाएं। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *