Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 09 अप्रैल
हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड, मंडी के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव वर्मा ने प्रदेश के समस्त एलपीजी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए गैस एजेंसियों में व्यक्तिगत रूप से न आएं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निगम उपभोक्ताओं को उनके घर-द्वार पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि अक्सर यह देखा गया है कि कुछ उपभोक्ता अनावश्यक रूप से एजेंसी परिसर में सिलेंडर लेने पहुंच जाते हैं, जिससे वितरण व्यवस्था में बाधा उत्पन्न होती है और अनावश्यक विलंब होता है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की घबराहट में न आएं, क्योंकि गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने जानकारी दी कि गैस सिलेंडर का वितरण अब पूर्णतः OTP/DAC (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) के आधार पर ही किया जा रहा है। 100% DAC आधारित यह व्यवस्था वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने और कालाबाजारी को रोकने के उद्देश्य से लागू की गई है। इससे वास्तविक जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से यह भी अनुरोध किया है कि सिलेंडर प्राप्त करते समय अपना मोबाइल फोन अपने पास रखें, ताकि OTP/ DAC कोड साझा करने में कोई देरी न हो। उन्होंने आमजन से इस व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।











