सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, सोलन : 14 अप्रैल
जिला सोलन पुलिस द्वारा नशे के खात्मे हेतु अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के अंतर्गत नशा तस्करी के विरुद्ध सप्लाई साइड एवं डिमांड साइड दोनों स्तरों पर निरंतर एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत न केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके नेटवर्क को तोड़ा जा रहा है जो यह कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी क्रम में, जिला सोलन पुलिस द्वारा नशा तस्करी करने वालों के विरुद्ध पिछले एक सप्ताह में 06 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में हिमाचल प्रदेश तथा अन्य राज्यों के रहने वाले कुल 10 चिट्टा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 38.63 ग्राम चिट्टा एवं 3.25 ग्राम मेथामफेटामाइन (Methamphetamine) मादक पदार्थ बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सोलन अभिषेक सेकर ने जानकारी देते हुए बताया कि 08 अप्रैल को जिला सोलन पुलिस की एसआईयू टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर 28 वर्षीय एक युवक, जो रामपुर का निवासी है, को काबू किया गया। उसके कब्जे से 6.65 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
वहीं दिनांक 08/09 अप्रैल की रात्रि को जिला पुलिस की एसआईयू टीम द्वारा थाना परवाणू के क्षेत्राधिकार में गुप्त सूचना के आधार पर एक आल्टो कार में सवार जिला शिमला के जुब्बल, हाटकोटी व सैंज के रहने वाले तीन युवकों (उम्र 26, 29 व 29 वर्ष) के कब्जे से 09.52 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि दिनांक 09/10 अप्रैल की रात्रि में पुलिस थाना परवाणू की टीम द्वारा नियमित गश्त के दौरान परवाणू शहर स्थित रैन शेल्टर के समीप एक युवक को संदेह के आधार पर जांच हेतु रोका गया। तलाशी के दौरान उक्त युवक, जो कि जिला शिमला के रामपुर क्षेत्र का निवासी है तथा जिसकी आयु 21 वर्ष है, के कब्जे से 7.18 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। उक्त बरामदगी के आधार पर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अन्य मामले में इसी रात्रि को पुलिस थाना दाड़लाघाट की एक टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंबुजा कोल यार्ड में एक ट्राला ट्रक में बैठे चालक एवं परिचालक (निवासी जिला बिलासपुर), जिनकी आयु क्रमशः 37 वर्ष एवं 30 वर्ष पाई गई, के कब्जे से 1.26 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। इस संबंध में पुलिस थाना दाड़लाघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त ट्राला ट्रक को जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ के उपरांत आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर पाबंद किया गया है।
वहीं जिला पुलिस की एसआईयू टीम द्वारा 11/12 अप्रैल की मध्यरात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर परवाणू क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक ब्रेजा कार में सवार हरियाणा राज्य के नारायणगढ़ निवासी दो व्यक्तियों (आयु 42 व 38 वर्ष) जो परवाणू क्षेत्र में एक निजी होटल में चल रही पार्टी में चिट्टा/हेरोइन की सप्लाई करने जा रहे थे के कब्जे से 11.45 ग्राम हेरोइन तथा 3.56 ग्राम मेथाम्फेटामाइन (Methamphetamine) बरामद की गई।
वहीं इसी रात्रि को जिला सोलन के उपमंडल दाड़लाघाट की एसआईयू टीम द्वारा पुलिस थाना दाड़लाघाट के क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, गाँव सुरईला के समीप दाड़लाघाट निवासी एक 28 वर्षीय युवक से 2.57 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना दाड़लाघाट में संबंधित मामला पंजीकृत किया गया है। आरोपी से गहन पूछताछ के उपरांत उसे की बीएनएसएस धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर पाबंद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है तथा उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। वाहनों सहित गिरफ्तार आरोपियों के वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। सभी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है तथा मामले में आगामी जांच जारी है।














