कुल्लू में हिमाचल दिवस के आयोजन पर क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज ने दी लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू,, 15 अप्रैल

हिमाचल दिवस के अवसर पर क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज, ढालपुर, कुल्लू के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह ढालपुर मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के बी.एससी. नर्सिंग सातवें सेमेस्टर, जी.एन.एम. तृतीय वर्ष, बी.एससी. नर्सिंग छठे सेमेस्टर एवं बी.एससी. नर्सिंग चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा हिमाचली लोकनृत्य नाटी की आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुति दी गई।

इस प्रस्तुति की विशेषता यह रही कि इसमें हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों की पारंपरिक नाटियों को एक ही नाटी में सुंदर ढंग से संयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने कुल्लू (कुलवी) नाटी, लाहौली नाटी, शिमला की नाटी तथा अन्य क्षेत्रों की नाटियों को एक साथ प्रस्तुत कर हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की सह प्रबंध निदेशक ज्योति मार्या मसीह, स्मृति शर्मा एवं निकिता शर्मा (सांस्कृतिक प्रभारी ), वैष्णवी शर्मा (अध्यापिका) भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया तथा महाविद्यालय की ओर से हुई इस प्रस्तुति की मुख्य आयोजक की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कुल्लू सुंदर सिंह ठाकुर उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस प्रकार क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज, ढालपुर, कुल्लू ने हिमाचल दिवस के इस विशेष अवसर पर अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति के माध्यम से प्रदेश की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *