सुरभि न्यूज़
शिमला, 19 अप्रैल
हिमाचल प्रदेश कोली समाज राज्य कार्यकारिणी की 173वीं त्रैमासिक बैठक शिमला स्थित कोली भवन, खलिनी में 16 अप्रैल को प्रदेशाध्यक्ष अमर चंद शलाठ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने
भाग लिया और समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर निर्णय लिए गए।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय महासचिव उत्तम कश्यप, राज्य महामंत्री गोपाल जिल्टा, संरक्षक रोशन लाल डोगरा, सतीश आर्य, बलदेव शांडिल, राज्य कोषाध्यक्ष कौशल , महिला कॉर्डिनेटर प्रभा शांडिल, शिमला जिला के अध्यक्ष रमेश पॉल, डॉ.तनु, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुषमा पूंटा एवं अन्य गणमान्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में सबसे प्रमुख विषय आगामी 21 जून 2026 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाला राष्ट्रीय कोली महासम्मेलन रहा। इस सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश से 500 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना जताई गई है। सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए प्रदेशभर में कूपन के माध्यम से धनराशि एकत्रित करने का निर्णय लिया गया। विभिन्न जिलों को इसके लिए कूपन वितरित किए गए ताकि अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
इसके अलावा बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सदस्यता सूची और शुल्क से संबंधित मामलों पर भी गंभीर चर्चा हुई। पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे समय पर सदस्यता सूची और 40 प्रतिशत राज्य अंश जमा करवाएं, ताकि संगठन की कार्यप्रणाली पारदर्शी और मजबूत बनी रहे।
जिलों में लंबित चुनावों को लेकर भी बैठक में चिंता व्यक्त की गई। निर्णय लिया गया कि कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन जिलों में जल्द चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाई जाएगी। इसके लिए प्रदेश स्तर पर एक टीम गठित कर संबंधित जिलों का दौरा किया जाएगा।
सामाजिक गतिविधियों के अंतर्गत समाज के महापुरुषों की जयंती विभिन्न जिलों में मनाने का भी निर्णय लिया गया। इसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर, ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले सहित अन्य विभूतियों की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज में जागरूकता और एकता को बढ़ावा मिल सके। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि समाज का संविधान पंजीकरण की अंतिम प्रक्रिया में है और शीघ्र ही इसकी प्रतियां सभी पदाधिकारियों को उपलब्ध करवा दी जाएंगी।
राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि दिल्ली में होने वाले महासम्मेलन के दौरान केंद्र सरकार को एक मांग पत्र सौंपा जाएगा। इसमें अनुसूचित जाति/जनजाति विकास निधि अधिनियम लागू करने और निर्धारित बजट का सही उपयोग सुनिश्चित करने की मांग शामिल होगी।
बैठक में वक्ताओं ने समाज में राजनीतिक भेदभाव से दूर रहकर एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती के लिए सभी को एक मंच पर आकर बिना किसी भेदभाव के कार्य करना होगा। अंत में बैठक अध्यक्ष का धन्यवाद प्रस्ताव के साथ संपन्न हुई।












