आल इंडिया नीट-2026 की प्रवेश परीक्षा 03 मई को होगी आयोजित, परीक्षार्थी समय से पहले पहुंचे परीक्षा केंद्र – उपायुक्त कुल्लू

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 01 मई
आगामी 03 मई को आयोजित होने वाली ऑल इंडिया नीट -2026 प्रवेश परीक्षा के सुचारू, निष्पक्ष और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए आज उपायुक्त कुल्लू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष कुल्लू जिले में राजकीय महाविद्यालय कुल्लू तथा जवाहर नवोदय विद्यालय बंदरोल में दो परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ कुल 718 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान कुल्लू में निरंकारी समागम तथा मेला के कारण भीड़ तथा यातायात के कारण किसी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र तक पहुंचने में परेशानी न हो इसके लिए समुचित व्यवस्था करें। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र के लिए निकलें ताकि कोई समस्या न हो ।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान बिजली, पेयजल और बैठने की व्यवस्था पुख्ता होनी चाहिए। साथ ही, परीक्षा की गोपनीयता और गरिमा बनाए रखने के लिए केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े पहरे रहेंगे। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को परीक्षा हॉल के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
 बैठक में राजेश ठाकुर डीएसपी कुल्लू, डॉ. राकेश राणा प्राचार्य, जी.सी. कुल्लू, राजेश कुमार सहायक प्रोफेसर, जी.सी. कुल्लू,आनंद कुमार वर्मा डीआईओ, विनीता परशीरा प्राचार्य, के.वी. एनएचपीसी सैंज, प्रताप सिंह प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय बंदरोल तथा अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *