सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 02 मई
कुल्लू नगर परिषद के 11 वार्डों में हो रहे चुनावों को लेकर प्रत्याशियों में आपसी घमासान मचा हुआ है, उससे एक बात तो तय है कि इस बार नगर परिषद के चुनाव में जबरदस्त घमासान मचने वाला है।
नामांकन के अंतिम दिन शहरी राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले तत्कालीन अध्यक्ष गोपाल महंत ने भी सुल्तानपुर वार्ड नंबर 4 से अपना नामांकन दाखिल कर दिया। जिससे इस बात को और बल मिल रहा है कि इस बार चुनाव में बड़ा खेल होने की पूरी संभावना है। क्योंकि गोपाल महंत को चुनावी मैदान से बाहर करने के लिए कांग्रेस के ही कुछ बड़े नेताओं ने ऐसा षड्यंत्र रचा था कि वह चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा ना ले पाएं। लेकिन गोपाल महंत ने सियासी दांवपेंच चलाते हुए तमाम चुनौतियां को दरकिनार करके अंतिम दिन अपना नामांकन दाखिल कर दिया।
उसके बाद उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए साफ तौर पर ऐलान किया कि वह सुल्तानपुर से चुनाव लड़ेंगे और नगर परिषद में अपना दखल कायम रखेंगे। उन्होंने कहा कि वह शहर की तमाम समस्याओं से वाकिफ हैं और लगातार लोगों की सेवा में तत्पर रहते हैं।
गोपाल महंत ने साफतौर पर ऐलान किया कि नगर परिषद में उनके समर्थित प्रत्याशी भारी बहुमत से चुनाव जीतेंगे और लोगों की सेवा के लिए अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
गौरतलब है कि कुल्लू नगर परिषद के 11 वार्डों में से 6 वार्ड पूरी तरह से महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। केवल तीन वार्ड ही ऐसे हैं जो अनारक्षित हैं। लेकिन उनमें भी महिलाओं ने चुनावी ताल ठोंक दी है।










