हादसा : कुल्लू के आनी में कार पर गिरा पेड़, चार महिला शिक्षकों की दर्दनाक मौत, तीन घायल

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

आनी (कुल्लू), 02 मई

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के आनी उप मंडल के तहत शनिवार सांयकाल के समय आंधी तूफान के दौरान एक कार पर पेड़ गिरने से चार महिला शिक्षकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक आनी उप मंडल के तहत शमशर- गुगरा सड़क मार्ग पर वॉलीओल नामक स्थान पर एक गाड़ी पर पेड़ गिर जाने से भयंकर हादसा हो गया। इस हादसे में चार महिला शिक्षकों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर तौर पर घायल हो गए हैं।

 

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त इलाके में भयंकर तूफान चला हुआ था। उसी दौरान कार पर पेड़ गिर गया। कार में 6 शिक्षकों सहित 7 लोग सवार थे। जो स्कूल से छुटि होने के बाद अपने अपने निवास की ओर लौट रहे थे।

मृतकों में 38 वर्षीय स्नेह लता पत्नी टिकानंद निवासी गांव पारलीधार डाकघर कमांद तह आनी, 38 वर्षीय बंती कौंडल पत्नी हेमादत निवासी गांव लामीसेरी तहसील आनी, 54 वर्षीय सीमा आजाद पत्नी जियालाल निवासी गांव रोपड़ी तह आनी व 43 वर्षीय उषा कुमारी पत्नी मदनलाल निवासी गांव तराला डाकघर जाओ तहसील आनी जिला कुल्लू के तौर पर हुई है।

जबकि घायलों में कार चालक 42 वर्षीय सुरेश चंद पुत्र देशराज गांव रोपड़ी, 40 वर्षीय रीना कुमारी पत्नी प्रेम सागर निवासी गांव कठेहड़ डाकघर बनारला तहसील सरकाघाट जिला मंडी तथा 47 वर्षीय तारा देवी पत्नी रविंद्र कुमार गांव रोपड़ी तहसील आनी जिला कुल्लू के तौर पर हुई है।

घायलों को आनी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामला दर्ज करके छानबीन में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *