सुरभि न्यूज़ केलांग, 02 मई
राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश द्वारा जारी अधिसूचना के क्रम में जिला लाहौल-स्पीति में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के आयोजन हेतु विस्तृत चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त लाहौल-स्पीति, किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह कार्यक्रम अधिसूचित किया गया है।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की तिथियां 7, 8 एवं 11 मई, 2026 निर्धारित की गई हैं, जिनके लिए समय प्रातः 11 बजे से अपराह्न 03 बजे तक रहेगा। नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) 12 मई, 2026 को प्रातः 10 बजे से आरंभ होग।
उम्मीदवारों को अपना नाम वापस लेने का अवसर 14 एवं 15 मई, 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 03 बजे तक प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उमीदवारों द्वारा नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के तुरंत बाद, 15 मई, 2026 को ही चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची, उन्हें आवंटित चुनाव चिह्नों सहित तैयार कर प्रकाशित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, मतदान केंद्रों की सूची 7 मई, 2026 तक या उससे पहले प्रकाशित कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि मतदान तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण का मतदान 26 मई, 2026, द्वितीय चरण का मतदान 28 मई, 2026 तथा तृतीय चरण का मतदान 30 मई, 2026 को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 03 बजे तक संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों के वार्ड सदस्य, उप-प्रधान एवं प्रधान पदों के लिए मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ही कर ली जाएगी। वहीं पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई, 2026 को प्रातः 9 बजे से आरंभ की जाएगी और मतगणना उपरांत नतीजे घोषित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं एवं संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि वे चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।










