सुरभि न्यूज़
खुसी राम ठाकुर, बरोट
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव चंदन पंडित ने द्रंग भाजपा में गुटबाजी और असंतोष की चर्चाओं को पूरी तरह निराधार और झूठ का पुलिंदा करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि द्रंग भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के मार्गदर्शन और स्थानीय विधायक पूर्ण चंद ठाकुर के नेतृत्व में पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।
चंदन पंडित ने कहा कि संगठन में किसी भी प्रकार की कोई दरार और मतभेद नहीं है। उन्होंने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी में कमी केवल उन लोगों को दिखाई दे रही है, जिनके अपने निजी स्वार्थ और अपनी व्यक्तिगत इच्छाएं पूरी नहीं हो पा रही हैं।
भाजपा एक परिवार की तरह है, जहाँ व्यक्ति से बड़ा संगठन होता है, लेकिन कुछ लोग केवल अपने फायदे के लिए राजनीति करना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि द्रंग की जनता और भाजपा संगठन दोनों ने ऐसे स्वार्थी चेहरों को पहचान लिया है और उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है। आज जो भी नकारात्मक बातें फैलाई जा रही हैं, वे केवल उन लोगों की बौखलाहट है जिन्हें पार्टी और जनता ने नकार दिया है।
आगामी पंचायत चुनावों पर चर्चा करते हुए चंदन पंडित ने दावा किया कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र में भाजपा समर्थित प्रत्याशी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के जोश और जनता के समर्थन को देखकर विपक्षी खेमे में घबराहट का माहौल है, इसी कारण वे इस तरह की बेकार और झूठी बयानबाजी का सहारा ले रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि द्रंग की जनता विकास और मजबूत नेतृत्व के साथ है और आने वाले चुनावों के परिणाम विरोधियों को करारा जवाब देंगे।










