सुरभि न्यूज़
ऊना, 03 मई
प्रदेश भर में नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ चलाये अभियान के तहत हिमाचल पुलिस को बहुत बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। जिसके तहत हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में कांगड़ा जिला की एसटीएफ टीम ने संतोषगढ़-नंगड़ा सड़क मार्ग पर शनिवार देर शाम 3 युवकों को 1 किलो 5 ग्राम चिट्टे की भारी भरकम खेप के साथ गिरफ्तार किया। जिसकी कीमत लगभग 5 करोड़ बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार एसटीएफ कांगड़ा की टीम ने शनिवार शाम एएसपी रेनू कुमारी के नेतृत्व में संतोषगढ़-नंगड़ा सड़क मार्ग पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान टाहलीवाल की तरफ से आ रही गाड़ी को शक के आधार पर चेकिंग के लिए रोका गया।
टीम द्वारा गाड़ी की चेकिंग करने पर उसमें से 1 किलो 5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। जिसे 15 पैकेट में पैक किया गया था। चिट्टे की इतनी बड़ी खेप की बरामदगी से पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई।
पुलिस की जानकारी के अनुसार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय सर्वजीत सिंह पुत्र संतोख सिंह निवासी अप्पर देहलां, 40 वर्षीय गुरमुख सिंह पुत्र नारायण दास निवासी बरनोह व 33 वर्षीय राहुल शर्मा पुत्र सुभाष चंद शर्मा निवासी रायपुर सहोड़ा जिला ऊना हिमाचल प्रदेश के तौर पर हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। ताकि चिट्टे की इस बड़ी खेप की खरीद फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में पकड़ी गई चिट्टे की यह खेप अभी तक कि सबसे बड़ी बरामदगी है।










