सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 05 मई
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण कुल्लू विशाल तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि न्याय को सरल एवं सुलभता से प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने और आपसी सहमति से न्याय प्रदान करने के लिए भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समाधान समारोह 2026 का आयोजन 21 अप्रैल से आरंभ किया जा चुका है और इसका समापन 21, 22 व 23 अगस्त, 2026 को विशेष लोक अदालत के आयोजन से होगा।
उन्होंने बताया कि इस विशेष लोक अदालत में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित पारिवारिक विवाद, दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, भू-अधिग्रहण, आपराधिक सुलहनीय मामले, श्रम संबंध विवाद और ऐसे मामले जो आपसी सहमति से निपटने योग्य है उन्हें शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा, लेकिन इससे पूर्व सुलह का प्रयास करने के लिए बैठक आयोजित की जाएंगी।
इन सुलह बैठकों का आयोजन राज्य/जिला/तालुका/उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकार समिति स्थित मध्यस्थता केंद्र में किया जाएगा, जिसमें प्रशिक्षित मध्यस्थ तथा सचिव विधिक सेवा प्राधिकार / समिति द्वारा पक्षकारों की मदद की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत में अपना मामला शामिल करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर एक गूगल फॉर्म उपलब्ध है।
गूगल फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई, 2026 है। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुल्लू हिमाचल प्रदेश के दूरभाष नम्बर 01902-222378 पर संपर्क किया जा सकता है।











