Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, कुल्लू
सैंज घाटी में आयोजित लक्ष्मी नारायण जिला स्तरीय मेले के दूसरे दिन स्थानीय महिला मंडलों और स्कूली बच्चों द्वारा निकाली गई आकर्षक झाँकियों ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और लोक जीवन की अनूठी झलक देखने को मिली।
महिला मंडलों ने झाँकियों के जरिए पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोक संस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों के संरक्षण जैसे सामाजिक संदेश भी प्रभावी ढंग से दिए। इस दौरान रैला, धाउगी, सूचैहन, नव दुर्गा वना गीदेहूरी, भलाण, शुलग, देवगढ़, चलैहन, शिआउगी, शरन सहित कई महिला मंडलों ने भाग लिया।
वहीं विभिन्न विद्यालयों के स्कूली बच्चों ने भी रंग-बिरंगे परिधानों में सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों का मन मोह लिया। झाँकियों और प्रस्तुतियों ने मेले के वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया।













