संगीन अपराधों, मादक पदार्थों तथा साइबर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्यवाही करने के दिए निर्देश 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट : सोलन, 07 मई

पुलिस लाइन सोलन के सभागार (कॉन्फ्रेंस हॉल) में प्रति माह आयोजित होने वाली जिला स्तरीय अपराध समीक्षा एवं पुलिस जवानों के वेलफेयर संबंधी बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में जिला सोलन के समस्त पर्यवेक्षक अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा पुलिस लाइन के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान वर्ष 2026 में जिला में घटित/दर्ज आपराधिक मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को थानों में लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, सभी थाना प्रभारियों को लंबे समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा कर अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में प्रेषित करने हेतु निर्देशित किया गया।

थाना/चौकी प्रभारियों को विशेष रूप से संगीन अपराधों, मादक पदार्थों तथा साइबर अपराधों पर कड़ी निगरानी रखने तथा इन मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों, युवाओं एवं शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव एवं साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने हेतु भी निर्देशित किया गया।

इसके अलावा, पुलिस कर्मियों के वेलफेयर के संबंध में भी चर्चा की गई तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी पुलिस कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ निभाने के निर्देश दिए गए तथा स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता एवं लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार, उपमंडल पुलिस अधिकारी परवाणू अनिल कुमार शर्मा, उपमंडल पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, उप पुलिस अधीक्षक (लीव रिजर्व) सोलन अशोक चौहान सहित समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं पुलिस लाइन सोलन के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *