सुरभि न्यूज़
सुरेन्द्र मिन्हास, चांदपुर (बिलासपुर)
बामटा पंचायत के बध्यात गांव में सिद्ध बावड़ी के साथ सड़क पार शहरी और अन्यत्र के लोग रात के अंधेरे में कूड़ा और मृत जानवर सड़क से ढांक में लुढ़का रहे हैं और नीचे रहने वाले लगभग एक दर्जन हरिजन परिवारों का जीना और सांस लेना दूभर हो गया है। इन हरिजन परिवारों ने अनेक बार पंचायत, बी डी सी व जिला प्रशासन को निवेदन किए लेकिन अभी तक उन्हें वर्षों से झेल रहे नाक फाड़ू दुर्गंध से मुक्ति नहीं मिल पाई है।
इन हरिजन परिवारों के मुखियाओं ने गत दिन बिलासपुर के उपायुक्त महोदय के कार्यालय जा कर इस समस्या के शीघ्र निवारण का अनुरोध किया। लिखित शिकायत पत्र में इन दलितों ने बताया कि उन्होंने कई बार इन कूड़ा फेंकने वालों को पकड़ने की कोशिश किंतु ये शातिर हमारे घर से ऊपर सड़क तक आने से पहले ही अपने वाहनों में रफू चक्कर हो जाते हैं।
उपायुक्त महोदय बिलासपुर ने इन दलित पीड़ितों की समस्या को गंभीरता से सुना और शिकायत पत्र को तुरंत संबंधित अधिकारी को मार्क कर दिया। अब इन दलितों सुरेश कुमार, मदन, विजय, सीता राम, सुख राम, धनी राम, लेख राम और इनके परिवारों को इस नारकीय जीवन से मुक्ति की आस बंध गई है।।













