पंचायती राज चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न, कुल 2930 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
 कुल्लू, 12 मई
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कुल्लू,  अनुराग चंद्र शर्मा ने आज पंचायती राज संस्थाओं के  निर्वाचन  के नामांकन की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि जिला में नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक विभिन्न पदों के लिए कुल 2930 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि लोकतंत्र के इस महापर्व में ग्रामीणों ने भारी उत्साह दिखाया है। नामांकन के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, प्रधान पद के लिए 655 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है, जबकि उप-प्रधान पद हेतु 650 नामांकन दाखिल किए गए हैं। पंचायत वार्ड सदस्यों के लिए सबसे अधिक 1357 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे हैं। इसी प्रकार, पंचायत समिति सदस्य के लिए 226 और जिला परिषद सदस्य के पदों के लिए 42 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अब प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच 12 मई  को की जाएगी। उम्मीदवार 14 और 15 मई  को अपने नाम वापस ले सकेंगे, जिसके तुरंत बाद चुनावी मैदान में डटे अंतिम प्रत्याशियों की सूची और चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे। उन्होंने जिलावासियों से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *