राष्ट्रीय राजमार्ग 505, सुमदो-काजा-ग्राम्फू मार्ग वाहनों की आवाजाही हेतु आगामी सूचना तक बंद 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

केलांग, 14 मई 

उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), लाहौल एवं स्पीति, किरण भड़ाना,  ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 505, सुमदो-काजा-ग्राम्फू (एसकेजी ) को वाहनों की आवाजाही के लिए अगली सूचना तक बंद रखने के आदेश जारी किए  गए हैं। यह आदेश  जनसुरक्षा तथा मार्ग की वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन को बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) से प्राप्त सूचना के अनुसार NH-505 एसकेजी मार्ग का लोसर–ग्राम्फू के बीच तथा 108 आरसीसी (GREF) से चंद्रताल रूट का मार्ग अभी बंद है। मार्ग पर अवरोध, मलबा तथा रखरखाव कार्य चल रहे हैं, जिसके कारण इसे अभी तक वाहनों के आवागमन के लिए नहीं खोला जा सका है।बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन द्वारा यह भी सूचित किया गया है कि सड़क की सफाई, मलबा हटाने तथा बहाली का कार्य निरंतर प्रगति पर है। मार्ग की वास्तविक स्थिति और कार्य की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि जब तक सड़क पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु नहीं हो जाती, तब तक इस पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

उपायुक्त किरण भड़ाना, ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए स्पष्ट किया है कि उक्त मार्ग पर समस्त वाहनों का आवागमन अगले आदेशों तक पूर्णतः बंद रहेगा। यह निर्णय संभावित जोखिमों, सड़क की स्थिति तथा यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी संबंधित विभागों, पुलिस प्रशासन, उपमंडलीय प्रशासन एवं सड़क उपयोगकर्ताओं से अनुरोध किया है कि वे आदेशों का कड़ाई से पालन करें तथा मार्ग पर अनावश्यक आवाजाही से बचें। विशेष रूप से वाहन चालकों, स्थानीय निवासियों, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों तथा अन्य हितधारकों से अपील की गई है कि वे यात्रा करने से पूर्व प्रशासन द्वारा जारी की जा रही दैनिक सलाह एवं सूचना को अवश्य देखें।
जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि क्षेत्र में मौसम, सड़क की स्थिति और मरम्मत कार्यों को देखते हुए स्थिति में परिवर्तन संभव है। इसलिए किसी भी प्रकार की यात्रा से पहले अधिकृत सूचना की पुष्टि करना अनिवार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *