सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
प्रदेशभर में होने वाले पंचायत चुनावों में पंचायत के मजबूत गठन के लिए छोटा भंगाल तथा चौहार घाटी के लोगों में प्रधान, उप प्रधान, बार्ड सदस्य, बीडीसी तथा जिला परिषद का सदस्य चुनने के लिए मतदाताओं में भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। मताधिकार का प्रयोग को लेकर आम वोटरों की पहली पसंद शिक्षित, ईमानदार, मृद्दु भाषी और पंचायत के गांवों के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले मुखिया को चुनने में विश्वास जताने के मूड में है।
दोनों क्षेत्र के युवा तथा वृद्ध वर्ग चाहते हैं कि गांव में शिक्षा, स्वास्थय और स्वच्छता सहित विकास कार्य में योगदान देने के साथ पंचायत में चुने जाने वाले सदस्य सरल स्वभाव का हो। यही नहीं वोटरों का कहना है कि गांव की सरकार का नेतृत्व करने के लिए स्वच्छ छवि के व्यक्ति पर भरोसा कायम करने की बात हो। गांव का प्रधान ऐसा होना चाहिए जो लोगों की समस्याओं को समझे। जिससे गांव की जनता बेझिजक होकर अपनी बात कह सके। पंचायत के सभी सदस्य गाँवों का विकास करे और जनता को अपना परिवार समझे।

अपनी जिंन्दगी के नो दशक पार कर चुकी छोटाभंगाल चेल्ररा दी मलाह गाँव की झगड़ी देवी का कहना है कि पंचायत का प्रधान पंचायत के विकास को तरजीह देने वाला होना चाहिए और आधुनिकता के इस दौर में प्रधान का शिक्षित और ईमानदार होना बहुत आवश्यक है। महिलाओं का सम्मान करने वाला होने के साथ विकास के लिए हमेशा आगे रहने वाला हो। सरकार की योजनाओं को हर तबके तक पहुंचाए और हर एक वर्ग के गरीब जरूरतमंदो का हमदर्द हो।
उनका कहना है कि कोठी कोहड़ पंचायत में प्रधान से लेकर चुने जाने वाले सभी सदस्य शिक्षित और योग्य होने के साथ जागरूक होने चाहिए। पंचायत का समग्र विकास करने से लेकर स्वास्थय तथा शिक्षा के क्षेत्र में काम करें। झगड़ी देवी का कहना है कि वर्षों पूर्व पंचायत के लोग एक चुनिन्दा स्थान पर एकत्रित होकर पंचायत के प्रधानों तथा सभी सदस्यों को बिना वोट दिए ही सर्वसम्मति से चुन लेते थे। उस समय सभी लोग भोले भाले हुआ करते थे। मगर अब आधुनिकता के दौर में पंचायत में सभी चुने जाने वाले लोग शिक्षित, ईमानदार और हर क्षेत्र में पूरी तरह से जागरूक होना बेहद अनिवार्य है। झगड़ी देवी ने कोठी कोहड़ पंचायत के लोगों व दोनों क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि एक अच्छे प्रतिनिधियों के लिए ही अपने मत का प्रयोग करें।










