लाहौल उपमण्ड़ल में पंचायत चुनावों के मतदान करवाने हेतु 60 पोलिंग पार्टियां रवाना – किरण भड़ाना

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

केलांग, 24 मई

जिला लाहौल-स्पीति के लाहौल उपमण्ड़ल में पंचायत राज चुनावों के प्रथम चरण के मतदान को शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए आज पोलिंग पार्टियों को संबंधित मतदान केंद्रों हेतु जिला मुख्यालय केलांग से बसों के माध्यम से रवाना कर दिया गया। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ मतदान दलों को निर्धारित क्षेत्रों के लिए भेजा गया।

जानकारी देते हुए उपायुक्त एंव जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) लाहौल स्पीती किरण भड़ाना ने बताया कि कुल 60 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया है, जिनमें 50 पुरुष पोलिंग पार्टियां तथा 10 महिला पोलिंग पार्टियां शामिल हैं जोकि प्रथम चरण में 26 मई को तिंदी, तिंगरेट, त्रिलोकीनाथ, मुरिंग, नालडा, गोहरमा, रानिका, कारदंग, मूलिंग, दारचा, कोकसर एवं केलांग ग्राम पंचायतों में मतदान आयोजित करवाएंगी, द्वितीय चरण 28 मई को सलग्रां, ंिचमरेट, उदयपुर, थिरोट, जुण्ंडा, जोबरंग, वारपा, गौशाल, गौंधला, कोलोंग, सिस्सू तथा यूरनाथ ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा, इसी प्रकार से तृतीय एवं अंतिम चरण का मतदान 30 मई 2026 को मडंग्रा, शकोली, किशोरी, जाहलमा, शांशा, मालंग, तांदी, खंगसर, बरबोग तथा शूलिंग ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महिला पोलिंग पार्टियों में से पांच त्रिलोकनाथ क्षेत्र में तथा पांच केलांग क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया का संचालन करेंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पोलिंग पार्टी के साथ दो पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया है, ताकि मतदान केंद्रों पर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखी जा सके तथा चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियों को 11 बसों के माध्यम से उनके गंतव्य स्थलों के लिए रवाना किया गया है। ये सभी 60 पोलिंग पार्टियां 26 मई को प्रथम मतदान दिवस पर विकासखंड लाहौल की 12 पंचायतों के अंतर्गत स्थापित 60 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाएंगी और कुल 367 मतदान कर्मियों को नियुक्त किया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन एवं पोलिंग पार्टियों की सहायता के लिए सात सेक्टर अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है। यदि किसी मतदान दल को किसी प्रकार की समस्या या कठिनाई का सामना करना पड़ता है तो संबंधित सेक्टर अधिकारी तत्काल सहायता उपलब्ध करवाएंगे।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *