Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 04 जून।
धारा-छतराणी मार्ग पर रातोचा के समीप नए बेली ब्रिज की लॉन्चिंग के चलते इस मार्ग पर 3 जून से 10 जून तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
आदेशों के अनुसार धारा-छतराणी मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त बेली ब्रिज को हटाने का कार्य पूरा कर लिया गया है तथा यातायात की अस्थायी व्यवस्था के लिए निजी भूमि से वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है। अब नए बेली ब्रिज को स्थापित करने का कार्य आरंभ किया जा रहा है, जिसके मद्देनजर लोगों और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग को अस्थायी रूप से बंद किया गया है।
इस दौरान सभी वाहनों को धारा-जतेहड़-छतराणी लिंक रोड से होकर भेजा जाएगा। उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण कर उसकी सुरक्षा एवं उपयोगिता सुनिश्चित करें।
साथ ही प्रभावित क्षेत्र और डायवर्जन मार्ग पर पर्याप्त संख्या में चेतावनी बोर्ड, दिशा संकेतक एवं अन्य आवश्यक यातायात प्रबंधन उपकरण लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रतिबंधों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने का आग्रह किया है।










