सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 04 जून
पंचायती राज चुनावों में जीते प्रतिनिधियों का कुल्लू में भव्य स्वागत किया। भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा सहित पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जीते हुए प्रतिनिधियों की पीठ थपथपाई। प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा की यह जीत कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है और प्रदेश की कांग्रेस सरकार की लगातार घटती लोकप्रियता का ज्वलंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की पटकथा लिख दी है और स्पष्ट संदेश दे दिया है की कांग्रेस जा रही है और भाजपा आ रही है।
उन्होंने कहा की आज भारतीय जनता पार्टी पूरे भारतवर्ष में लगातार जीत का परचम लहरा रही है और उतर भारत में केवल हिमाचल प्रदेश ही ऐसा राज्य है जहां गैर भाजपा सरकार है। यहां पर भी दिल्ली से आए नेताओं ने हिमाचल प्रदेश की भोली भाली जनता विशेष तौर पर महिलाओं से ठगी कर प्रदेश में द्वेष भावना वाली सरकार को सत्तासीन किया था परन्तु इन पंचायती राज चुनाव परिणामों ने यह तय हो गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे घर में अब भाजपा को सत्तासीन होने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।
उन्होंने कहा कि इन चुनावों में जनता ने झूठ बोल कर सता में आई कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का जनादेश दे दिया है और आने वाले विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के समर्थन का निर्णय स्वयं जनता ने ले लिया है।













