सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 04 जून
कुल्लू हिमाचल प्रदेश की रंगमंच संस्था ऐक्टिव मोनाल कल्चरल ऐसोसिएशन हर वर्ष आसपास के सरकारी स्कूलों में निशुल्क नाट्य कार्यशालाओं का आयोजन करती है। इस वर्ष भी आयोजन कर रही है। इनमें से पहली कार्यशाला का समापन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढालपुर में हुआ। कार्यशाला को संस्था के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध रंगकर्मी केहर सिंह ठाकुर ने संचालित किया।
22 दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में 25 बच्चों ने भाग लिया और कार्यशाला के दौरान प्रतिभागी बच्चों के साथ एक ‘नदी में आग’ नामक हास्य लघु नाटक तैयार किया, जिसका मंचन विद्यालय प्रांगण में प्रतिभागी बच्चों ने अन्य छात्रों व अध्यापकों के समुख किया। प्रतिभागी छात्रों ने अपने अभिनय से सभी को हंसने पर मजबूर किया।
नाटक की कहानी एक राजकुमार की है जो देश की यात्रा पर जाता है रास्ते में उसे एक गीदड़ मिलता है और उससे उसकी कहा सुनी हो जाती है और राजकुमार उसे अपने शाही खानदान का होने की शेखी बघारता है। लेकिन जब आगे जाकर जब एक तेली राजकुमार के घोड़े को अपना कहता है तो बात पंचायत में पहुंच जाती है।
प्रधान साहब ऐसे कोई आदमी की गवाही राजकुमार से मांगता है तो अन्ततः गीदड़ ही उसके काम आता है। उसकी गवाही से ही राजकुमार का घोड़ा उसे मिलता है। इस प्रकार राजकुमार का अहंकार टूट जाता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश ने प्रतिभागी बच्चों की प्रतिभा को सराहा और केहर ठाकुर और एक्टिव मोनाल का इस विद्यालय में इस कार्यशाला को आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर सेवा निवृत अध्यापक एवं लोक नृत्य और मंच संचालन के मशहूर कलाकार श्याम सुन्दर महन्त भी विशेष रूप् से उपस्थित रहे।















