जयराम ठाकुर ने दावा किया कि यह जनभावना आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में और अधिक प्रबल होगी तथा प्रदेश की जनता इस विकास-विरोधी सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी, जिसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी तत्परता से सरकार के गलत फैसलों के खिलाफ आवाज उठानी होगी।उन्होंने मंडी नगर निगम चुनाव का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने हार के डर से पार्षदों को पचास लाख से एक करोड़ रुपये तक का प्रलोभन देकर कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने की अपील की थी, परंतु जागरूक जनता ने उनके 14 में से केवल एक प्रत्याशी को जिताया, और यही हाल धर्मशाला व सोलन में भी हुआ जहाँ भाजपा ने प्रचंड बहुमत के साथ नगर निगमों पर कब्जा कर लिया।

जयराम ठाकुर बोले, हिमकेयर योजना को चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा बंद
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि सरकार जनता को लाभ पहुंचाने वाली लोकप्रिय ‘हिमकेयर’ योजना को चरणबद्ध तरीके से खत्म करने की साजिश रच रही है। सरकार द्वारा जारी नई अधिसूचना की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि हिमकेयर के तहत अब सरकारी अस्पतालों में रजिस्ट्रेशन फीस, सामान्य वार्ड बेड शुल्क, नर्सिंग व बोर्डिंग चार्ज, डॉक्टरों व सर्जनों की फीस, ऑपरेशन थियेटर शुल्क, सर्जिकल उपकरण, दवाएं, एक्सरे, और एमआरआई, सीटी स्कैन सहित पैथोलॉजी व रेडियोलॉजी जांच के खर्च को क्लेम से बाहर कर दिया गया है, जबकि खाने का खर्च सरकार पहले ही बंद कर चुकी है।













