सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 20 सितंबर
कुल्लू जिला के पार्वती जलविद्युत परियोजना की टनल से सैंज क्षेत्र की रैला पंचायत में एक स्थान पर रिसाव होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
कार्यवाहक उपायुक्त एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम बंजार तथा एनएचपीसी पार्वती परियोजना के महाप्रबंधक सहित संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्तर पर टनल से हो रहे रिसाव को पूरी तरह रोक लिया गया है। वहीं, रिसाव के कारण जमा हुए मलबे को हटाने के लिए मौके पर आवश्यक मशीनरी तैनात कर दी गई है।
एडीएम ने कहा कि जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा रिसाव से हुई संभावित क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मौके का निरीक्षण करने के बाद एसडीएम बंजार पूरे मामले की विस्तृत एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपेंगे। रिपोर्ट के आधार पर क्षति सहित अन्य संबंधित पहलुओं का आकलन कर आगामी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को स्थिति की निरंतर निगरानी रखने और स्थानीय लोगों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं।











