सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 20 सितंबर।
मेरा युवा भारत, जिला कुल्लू की ओर से रामेश्वरी टीचर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, शाड़ा भाई में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत राष्ट्रीय संकल्प समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान की डीन अकादमिक्स डॉ. मीरा ठाकुर ने की। इस अवसर पर दीपांजलि गुप्ता, दमयंती ठाकुर, दीपा और स्नेहा सहित विद्यार्थी एवं शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान, 100 वीक्स नशा मुक्त युवा अभियान, विकसित भारत के संकल्प तथा मेरा युवा भारत की विभिन्न गतिविधियों एवं अवसरों की जानकारी दी गई। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
इस दौरान डॉ. मीरा ठाकुर ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के तहत सिग्नेचर अभियान भी चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण के प्रति अपना समर्थन दर्ज करवाया।
कार्यक्रम में नेशनल यूथ वॉलंटियर्स लक्ष्मी कश्यप, तनुजा, ईशिता, निहाल और किरण ने सक्रिय भूमिका निभाई। वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और जागरूक एवं नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल आयोजन एवं संचालन मेरा युवा भारत, जिला कुल्लू द्वारा किया गया।











