देव पशाकोट के पूर्व गुर एवं सैनिक रमेश चंद का निधन, चौहार घाटी में शोक की लहर, सैंकड़ों लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, बरोट

चौहार घाटी के गांव लुंडरा निवासी, देवाधिदेव पशाकोट के पूर्व गुर एवं पूर्व सैनिक रमेश चंद का गत दिनों हाई फीवर और संक्रमण के कारण आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से देव समाज सहित चौहार घाटी में शोक की लहर दौड़ गई।

स्थानीय जिला परिषद सदस्य रोशन लाल ने बताया कि रमेश चंद के निधन से देव समाज और समूचे क्षेत्र को गहरा आघात पहुंचा है। रविवार को स्थानीय श्मशान घाट में सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

रोशन लाल ने कहा कि देव पशाकोट के गुर का दायित्व छोड़ने के बाद भी रमेश चंद के घर पर उनकी शरण में आने वाले दीन-दुखियों की सेवा का सिलसिला निरंतर जारी रहा। उन्होंने अपने सरल, सेवाभावी और समर्पित व्यक्तित्व से देव समाज एवं आम जनता के बीच विशेष स्थान बनाया था।

उन्होंने कहा कि रमेश चंद जैसे देव एवं जनसेवक के निधन से हुई क्षति की भरपाई करना बेहद कठिन है। जिला परिषद सदस्य रोशन लाल ने देव समाज और चौहार घाटी के समस्त लोगों की ओर से शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *