विश्व पर्यावरण दिवस पर खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का किया आयोजन 

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, केलांग
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन लाहौल एवं स्पीति, युवा सेवाएँ एवं खेल विभाग, पुलिस विभाग तथा वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को केलांग में खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नशे से दूर रहकर खेलों एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में जाहलमा, शांशा, लोट, मालंग,केलांग, कोलोंग, दारचा, सिस्सू और गोंधला सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय केलांग, जीपीसीएस केलांग-1, जीपीसीएस केलांग-2 तथा सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजन के दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी, दौड़, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज और क्रोशे जैसी खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ चित्रकला, नारा लेखन तथा विज्ञान मॉडल प्रस्तुति जैसी रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। दिनभर चले इन आयोजनों में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। उपमंडलाधिकारी (ना.) केलांग कुनिका एकर्स, वन मंडलाधिकारी इंदरजीत सीरा तथा पुलिस उपाधीक्षक रश्मि शर्मा ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर तहसीलदार केलांग विकास कुमार, उपनिदेशक शिक्षा रमेश लाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले सभी विभागों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में पर्यावरणीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *