जन सहयोग से विकास की नई राह पर बढ़ेगी पारली पंचायत, मोबाइल कनेक्टिविटी व सड़क सुविधा से जोड़ना रहेगी प्राथमिकता – किरण ठाकुर सुरभि न्यूज़ 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू

पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव संपन्न होने के बाद चुनाव परिणाम में अधिकतर युवा और शिक्षित जनप्रतिनिधि चुनकर सामने आए हैं। जिससे समाज में बदलाव की एक नई लहर देखी जा रही है। वहीं, यह भी उम्मीद की जा रही है कि चुन कर आए युवा जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में विकास के नए मील पत्थर स्थापित करेंगे। इसी कड़ी में कुल्लू जिला की दुर्गम पारली पंचायत में भी इस बार जनता ने पंचायत प्रधान के तौर पर युवा व शिक्षित प्रतिनिधि किरना ठाकुर को चुना है।

उल्लेखनीय है कि किरना ठाकुर ने पंचायत प्रधान चुनाव में तीन प्रतिद्वंदियों को मात देते हुए सबसे ज्यादा 612 वोट हासिल किए। जबकि उनके प्रतिद्वंदियों में कमला देवी को 329, बीना देवी को 297 तथा हरि देवी को 172 मत मिले। इस तरह से अपने प्रतिद्वंदियों को कड़ी चुनौती देते हुए किरना ठाकुर प्रधान पद के चुनाव में विजय रही।

वहीं, चुनाव जीतने के बाद किरना ठाकुर का कहना है कि वह जनता के सहयोग से पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए नई राहें खोलने का प्रयास करेंगी, ताकि इस पिछड़े क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो सके और लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया हो सके। कहा कि पंचायत क्षेत्र में किसी भी प्रकार का मोबाइल सिगनल नहीं आता है, जिससे यहां के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ऐसे में उनकी सबसे पहली प्राथमिकता यह रहेगी कि इस पंचायत को मोबाइल कनेक्टिविटी के साथ जोड़ा जाए, ताकि यहां के लोग भी देश दुनिया के साथ जुड़ सकें और हर तरह की ज्ञानवर्धक जानकारियां हासिल कर सकें।

किरना ठाकुर का कहना है कि वह पंचायत के हर गांव को सड़क सुविधा से भी जोड़ने का हर संभव प्रयास करेंगी। क्योंकि सड़कें गांव के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी होती है तथा लोगों को आवाजाही करने में भी सुविधा मिलती है। इसलिए यह भी मेरी प्राथमिकता में शामिल है कि पंचायत के ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए। कहा कि पंचायत के कच्चे रास्तों को भी पक्का किया जाएगा, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को आने जाने में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

कहा कि पंचायत में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें खेल व पढ़ाई के साथ जोड़ा जाएगा। जिसके लिए पंचायत में खेल मैदान व पुस्तकालय की स्थापना की जाएगी, ताकि युवा वर्ग पुस्तकालय में बैठकर अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर सके और नशे से भी दूर रहें।

किरना ठाकुर के मुताबिक पंचायत के जरूरतमंद व गरीब लोगों की नियमों के तहत हर संभव मदद की जाएगी। उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लोगों को सही फायदा मिले, इसके लिए लोगों में जागरूकता लाने के भी प्रयास किए जाएंगे। उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि वह उन योजनाओं का भरपूर लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *