कुल्लू में दिव्यांगजनों एवं उनके अभिभावकों के लिए मददगार बन रहा डीईआईसी केंद्र

Listen to this article
सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 9 जून।

क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के कमरा नंबर 103 में संचालित जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र (DEIC) दिव्यांग बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण सहायता केंद्र बनकर उभर रहा है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत संचालित इस केंद्र में दिव्यांग बच्चों को बेहतर थेरेपी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, वहीं विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक सहयोग एवं परामर्श भी प्रदान किया जा रहा है।

डीईआईसी में दिव्यांगजनों एवं उनके अभिभावकों की सहायता के लिए चलाए जा रहे इस विशेष अभियान को “दिव्यांग मित्र केंद्र” नाम दिया गया है। इस पहल के माध्यम से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर विभिन्न आवश्यक सेवाएं एवं योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

केंद्र के माध्यम से अब तक लगभग 200 बच्चों के यूडीआईडी कार्ड हेतु आवेदन किए जा चुके हैं, जबकि 60 आभा कार्ड तथा 10 हिमाचल पथ परिवहन निगम के हिम बस कार्ड भी अप्लाई किये जा चुके हैं । इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों के लिए डीआरए पेंशन, निरामया हेल्थ इंश्योरेंस योजना, हिमकेयर सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं हेतु आवेदन एवं मार्गदर्शन की सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

विशेष बात यह है कि ये सभी सेवाएं दिव्यांगजनों एवं उनके अभिभावकों को पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं। यह पहल क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू एवं सम्फिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र के माध्यम से चलाई जा रही है।

सम्फिया फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर बीजू हिमदाल ने बताया कि सम्फिया फाउंडेशन की टीम जिला के प्रत्येक दिव्यांगजन तक हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि “दिव्यांग मित्र केंद्र” का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिव्यांगजन एवं उनके अभिभावकों को किसी भी योजना का लाभ उठाने के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े तथा उन्हें एक ही स्थान पर सही परामर्श एवं सहयोग उपलब्ध हो सके। उन्होंने जिला के लोगों से भी आह्वान किया कि यदि कोई दिव्यांगजन किसी प्रकार की परामर्श अथवा सहायता चाहता है तो वह क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के कमरा नंबर 103 में आकर डीईआईसी टीम से संपर्क कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *