सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, सोलन
प्रदेश भर में नशे के खिलाफ छेड़े अभियान के तहत सोलन पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्यवाही करते हुए जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट की टीम द्वारा दो मामलों में चार ब्यक्तियों को 55.22 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सोलन ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूत्रों से प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर डगशाई लिंक रोड पर स्थित वर्षा शालिका के समीप नियमानुसार नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक पंजाब नंबर की कार को संदेह के आधार पर रोककर विधि अनुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उक्त वाहन में सवार एक महिला एवं दो पुरुषों के कब्जे से 23.29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आनंद कुमार सिंह पुत्र अभय सिंह निवासी आदर्श कॉलोनी बलोगी मोहाली पंजाब, उम्र 29 वर्ष, इन्दर पाल पुत्र भागीरथ सैनी, निवासी मटौर, जिला एस.ए.एस. नगर (मोहाली), पंजाब, आयु 39 वर्ष, तथा जसबीर कौर पत्नी मंदीप सिंह, निवासी गाँव बड़ी रौनी, डाकघर चकला, जिला रूपनगर, पंजाब, आयु 32 वर्ष, के रूप में हुई।
एक अन्य मामले में जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्लीन क्षेत्र में एक युवक को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 31.93 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, ₹23,570/- की नकदी तथा एक डिजिटल वेटिंग मशीन (Digital Weighing Machine) बरामद की गई।
आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार उर्फ गाठा, पुत्र स्वर्गीय सतदेव, निवासी गाँव मझोटली, डाकघर एवं तहसील चौपाल, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश, हाल निवासी धोबीघाट, तहसील एवं जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, आयु 50 वर्ष, के रूप में हुई है।
मौके पर उपलब्ध साक्ष्यों एवं बरामदगी के आधार पर पुलिस टीम द्वारा चारों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में पुलिस थाना सोलन व धर्मपुर में मादक द्रव्य एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है। अन्वेषण के दौरान मामले में प्रयुक्त पंजाब नंबर की कार को भी विधि अनुसार जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।














