राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार में स्व-अंकलन प्रतिवेदन (SAR) का निरीक्षण संपन्न

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

बंजार : 23 जून

कुल्लू जिला के राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार में शैक्षणिक सत्र 2024-25 हेतु तैयार किए गए स्व-अंकलन प्रतिवेदन (Self Assessment Report – SAR) की समीक्षा के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय, हिमाचल प्रदेश द्वारा गठित समीक्षा समिति ने महाविद्यालय का दौरा किया।

समीक्षा समिति में प्रो. उपेंद्र शर्मा, प्राचार्य, पंडित संतराम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ (समिति अध्यक्ष), डॉ. नीरज कुमार शर्मा, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय बड़ोह, डॉ. विनोद कुमार शर्मा, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय मटौर तथा प्रो. अमित कोड़ा, सहायक आचार्य, पंडित संतराम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ शामिल रहे।

समिति द्वारा महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) द्वारा तैयार स्व-अंकलन प्रतिवेदन में उल्लिखित विभिन्न मानकों एवं उपलब्धियों का गहन एवं व्यावहारिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के भौतिक संसाधनों, शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान एवं नवाचार गतिविधियों, पाठ्य एवं पाठ्येतर कार्यक्रमों, छात्र उपलब्धियों तथा संस्थागत विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं का विस्तृत परीक्षण किया गया।

समिति ने संबंधित दस्तावेजों, प्रमाण-पत्रों, फोटोग्राफ्स, समाचार-पत्रों में प्रकाशित समाचारों तथा विभिन्न गतिविधियों से संबंधित वीडियो प्रस्तुतियों का भी सूक्ष्म अवलोकन किया तथा निर्धारित मानदंडों के अनुरूप तथ्यों का सत्यापन किया।

उल्लेखनीय है कि राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार जिला कुल्लू का एकमात्र महाविद्यालय है, जिसका चयन राज्य स्तरीय महाविद्यालय रैंकिंग के लिए किया गया है। यह महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है तथा संस्थान द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं समग्र विकास के क्षेत्र में किए जा रहे सतत प्रयासों का प्रमाण है।

महाविद्यालय प्रशासन ने समीक्षा समिति का स्वागत करते हुए उन्हें संस्थान की विभिन्न उपलब्धियों, नवाचारों एवं विकासात्मक गतिविधियों से अवगत कराया। समिति ने महाविद्यालय द्वारा गुणवत्ता संवर्धन, शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा छात्र हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *