लाहौल स्पीति जिले में 28 जून को होगा सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 25 जून
लाहौल स्पीति जिले में 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले सघeन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारियों की समीक्षा और सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज उपायुक्त कार्यालय, केलांग के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने की।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की तैयारियों, बूथवार व्यवस्थाओं तथा संशोधित माइक्रो प्लान की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बताया गया कि इस बार जिले में टीकाकरण केंद्रों का पुनर्गठन किया गया है तथा पल्स पोलियो बूथों की संख्या 50 से घटाकर 11 कर दी गई है। ऐसे में यह सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक होगा कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि पोलियो उन्मूलन भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य पहल है और इसकी सफलता में सभी विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिले के दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रयास किए जाएं, ताकि अभियान की जानकारी समय रहते प्रत्येक परिवार तक पहुंच सके।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, पटवारियों, पंचायत सचिवों तथा उपमंडल अधिकारियों (SDMs )को अपने-अपने क्षेत्रों में जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने और लोगों को निर्धारित बूथों की जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि 28 जून को प्रत्येक पात्र बच्चा पोलियो की खुराक अवश्य प्राप्त करे।
बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित बूथों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके लिए चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की तैनाती की गई है। साथ ही, अभियान की सतत निगरानी के लिए विशेष पर्यवेक्षण दल भी गठित किए गए हैं।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सभी बूथों पर आवश्यक दवाओं, वैक्सीन, कोल्ड-चेन व्यवस्था और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों तक विशेष रूप से सूचना पहुंचाई जाए, ताकि बच्चों को समय पर टीकाकरण मिल सके।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी अभिभावक अपने निकटतम निर्धारित पल्स पोलियो बूथ पर पहुंचकर 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की जीवन रक्षक खुराक अवश्य पिलाएं और जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने में सहयोग दें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, एसडीएम कुनिका एकर्स,डीएसपी रश्मि शर्मा,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार गांधी, बीएमओ गोंधला ब्लॉक डॉ ऊषा,प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ सुषमा, जिला आयुष अधिकारी डॉ नताशा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों ने अभियान के सफल संचालन के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *