Listen to this article
सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, 27 जून
हिमाचल प्रदेश सरकार के सचिव (पशुपालन) आशीष सिंहमार ने शनिवार को कुल्लू के बंजार स्थित एसडीएम कार्यालय के सभागार में भेड़ पालकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और सुझावों को विस्तार से सुना। उन्होंने पशुपालकों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता एवं सहानुभूतिपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सचिव ने राज्य सरकार द्वारा पशुपालकों के कल्याण एवं पशुधन विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने तथा दूरदराज के क्षेत्रों के पशुपालकों को अधिक से अधिक योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कृतसंकल्प है। पशुपालन क्षेत्र को ग्रामीण आजीविका का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उन्होंने अधिकारियों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पशुपालकों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने तथा आधुनिक पशुपालन तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भेड़ पालकों और पशुपालकों के हितों के संरक्षण तथा उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभागीय योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, एसडीएम बंजार पंकज शर्मा सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी तथा पशुपालक और भेड़ पालक उपस्थित रहे।












