Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 22 जुलाई
जिला युवा अधिकारी, प्रतिभा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का शीघ्र आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 26 जून से 15 अगस्त 2026 तक पूरे देश में संचालित किया जायेगा, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशा मुक्त भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा रचनात्मक एवं सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाना है।
जिला स्तर पर 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के MY Bharat पोर्टल (www.mybharat.gov.in) पर पंजीकृत युवा लोक गीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक/माइम, चित्रकला, वाद-विवाद/भाषण, शॉर्ट फिल्म/रील निर्माण, स्लोगन लेखन, स्लैम पोएट्री निम्नलिखित प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं । इन प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विषय विशेषज्ञों एवं संबंधित विभागों द्वारा नामित निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लाहौल स्पीति जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर के विजेता प्रतिभागियों को 14 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय “नशा मुक्त युवा कॉन्क्लेव” में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।
अभियान के तहत नशा मुक्त भारत शपथ, युवा संवाद, जन-जागरूकता कार्यक्रम, खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, स्वयंसेवी गतिविधियाँ, सोशल मीडिया अभियान तथा समुदाय आधारित जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
जिला युवा अधिकारी, प्रतिभा शर्मा ने जिले के सभी महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, आईटीआई, एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र से जुड़े स्वयंसेवकों, युवा मंडलों एवं 15–29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में MY Bharat पोर्टल (www.mybharat.gov.in) पर पंजीकरण कराने तथा आगामी प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।










