हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की छोटा भंगाल के भुजलिंग गाँव में सड़क सुविधा न होने से लोगों में रोष 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

 छोटा भंगाल घाटी की स्वाड़ पंचायत में स्थित भुजलिंग गाँव आजादी के दशकों बाद भी सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया है, जबकि घाटी के अन्य 32 गाँव सड़क मार्ग से जुड़ चुके हैं। गाँववासियों को आजादी के बाद आज भी सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को सामान ढोने के लिए पीठ का सहारा लेना पड़ता है। राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस और आपदा प्रबंधन जैसे विभागों के कर्मचारियों को पैदल गाँव पहुँचने में कठिनाई होती है, जिससे सरकारी योजनाओं और आपातकालीन सुविधाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पाता।

लोहारड़ी से गाँव जाने वाला पैदल रास्ता ‘लंबाडग नदी’ के किनारे से गुजरता है। मानसून में नदी का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन होने से रास्ता क्षतिग्रस्त हो जाता है। इसके चलते लोहारड़ी स्थित स्कूल जाने वाले बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है।

धरमान पंचायत के पूर्व प्रधान एवं नवनिर्वाचित BDC अध्यक्ष संजय ठाकुर ने लोहारडी-पोलिंग सड़क मार्ग से भुजलिंग के लिए लगभग 3 किलोमीटर सड़क निर्माण की माँग की है, ताकि गाँव का विकास हो सके और आपातकालीन स्थितियों में मदद पहुँच सके। बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने बताया कि उन्होंने पूर्व पंचायत को भुजलिंग सड़क निर्माण के लिए लगभग 6 लाख स्वीकृत करवाए थे। पूर्व पंचायत द्वारा निर्माण कार्य न किए जाने के कारणों की पूरी जाँच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *