केलांग एंव साडा के अंतर्गत आने वाली पंचायतों के समग्र एवं सुव्यवस्थित विकास को मिलेगी नई गति : अनुराधा राणा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

केलांग, 29 जुलाई  

लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने केलांग में विशेष क्षेत्र विकास अभिकरण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र का सुनियोजित विकास, पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करना और जन-सुविधाओं का विस्तार करना था। बैठक में प्रकृति-आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए जबकि बिलिंग में निर्माणाधीन सांस्कृतिक प्रवेश द्वार का कार्य जल्द पूरा करने और पर्यटकों के लिए आकर्षक सेल्फी पॉइंट विकसित करने पर जोर दिया गया। बढ़ती यातायात समस्या से निपटने के लिए केलांग में पार्किंग निर्माण प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए गए।

केलांग और अन्य चिन्हित स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण और उनका नियमित रखरखाव और केलांग बाजार में नालियों की सफाई और ठोस कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखने पर भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि केलांग में हाई मास्ट लाइटें लगाने और सीसू में ट्रैफिक लाइटों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने निर्देश दिए गए है जबकि 50 नई सोलर लाइटों की खरीद प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जिन्हें जल्द ही ग्राम पंचायतों में आवश्यकतानुसार वितरित किया जाएगा। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और उन्हें निर्धारित समयसीमा व गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *