कुल्लू जिला के निथर चोरी मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी करीब 14 लाख के सोने के आभूषण सहित किया गिरफ्तार 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
कुल्लू/निरमंड

कुल्लू जिला के निथर क्षेत्र में हुई लाखों रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 14 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं। मामले में करीब एक लाख रुपये मूल्य की एक सोने की चेन की बरामदगी अभी शेष है।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को निरमंड थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि उसके नए मकान के कमरों तथा गोदरेज अलमारियों के ताले तोड़कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां और दो सोने के चक चोरी कर लिए गए। चोरी किए गए आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 14 से 15 लाख रुपये बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 21 सितंबर 2026 को 40 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी गांव लभोड़ा, डाकघर घाटू, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू का निवासी बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए अधिकांश सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये है। वहीं, करीब एक लाख रुपये मूल्य की एक सोने की चेन अभी बरामद की जानी बाकी है। इस संबंध में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आवश्यक कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी को 22 सितंबर 2026 को माननीय JMFC आनी की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां मामले की आगे की जांच के लिए पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। पुलिस ने कहा कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *