सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, शिमला, 21 सितंबर
भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की संजौली शाखा की ओर से ऑर्किड होटल में इकाई बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विकास अधिकारी श्रीमती अनिता तपन गुप्ता ने किया। बैठक में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक श्री दिनेश कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
बैठक में संजौली शाखा की टीम के करीब 40 सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान कंपनी के रणनीतिक उद्देश्यों, आगामी लक्ष्यों तथा कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में टीम के सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए और बेहतर प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
बैठक के बाद दोपहर के भोजन के साथ सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टीम सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान, समर्पण, नवाचार और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया गया।
विकास अधिकारी श्रीमती अनिता तपन गुप्ता ने टीम के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि टीम की उपलब्धियों पर उन्हें गर्व है। उन्होंने कहा कि सदस्यों की कड़ी मेहनत और निरंतर समर्पण संगठन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में एलआईसी संजौली शाखा के शाखा प्रबंधक श्री पवन नेगी और सहायक शाखा प्रबंधक श्री बोधराज चौहान भी उपस्थित रहे। उन्होंने टीम के सदस्यों का उत्साह बढ़ाते हुए भविष्य में भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।











