सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
भारतीय सेना की 16 इंजीनियर रेजिमेंट के जवानों की ट्रेकर टीम इन दिनों धौलाधार ट्रेक पर अभियान पर निकली हुई है। टीम ने 7 सितंबर को धर्मशाला से साइकिल के माध्यम से अपनी यात्रा शुरू की थी। चौहार घाटी और छोटाभंगाल घाटी में तीन दिनों तक ट्रेकिंग करने के बाद टीम सोमवार सुबह रमणीक स्थल बरोट से साइकिल के माध्यम से अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई।
रेजिमेंट के ऑफिसर एवं टीम लीडर कैप्टन अजरूदीन ने बताया कि उनके नेतृत्व में इस ट्रेकिंग टीम में दो जेसीओ तथा 10 अन्य रैंक के जवान शामिल हैं। टीम ने चौहार घाटी और छोटाभंगाल घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रेकिंग की और स्थानीय प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से जाना।
बरोट से रवाना होने के अवसर पर उपतहसील टिक्कन के नायब तहसीलदार प्यार चंद ने ट्रेकर टीम को सम्मानपूर्वक हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने सेना के जवानों के इस अभियान की सराहना करते हुए उन्हें आगामी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
कैप्टन अजरूदीन ने बताया कि टीम धौलाधार ट्रेक पूरा करने के बाद धर्मशाला होते हुए 25 सितंबर को 2 कोर, अंबाला पहुंचेगी। इस अभियान के दौरान टीम विभिन्न दुर्गम क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट की NCC इकाई के करीब 50 कैडेट, प्रधानाचार्य थमन सिंह ठाकुर, NCC प्रभारी राजकृष्ण ठाकुर तथा चौहार घाटी के पूर्व सूबेदार रामदेव सहित छह पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। सेना के जवानों के बरोट पहुंचने और यहां से आगे रवाना होने पर स्थानीय लोगों तथा विद्यार्थियों में भी उत्साह देखने को मिला।











