सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, शिमला : 21 सितंबर
33 देशों और भारत के 12 राज्यों के फिल्मकारों का जुटेगा संगम, फिल्मकार अमित राय और अभिनेता शरीब हाशमी होंगे विशेष आकर्षण, सिनेमा प्रेमियों से करेंगे संवाद
ऐतिहासिक गेयटी थिएटर एक बार फिर वैश्विक सिनेमा के रंग में रंगने जा रहा है। 12वां इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ शिमला (IIFS) आगामी 25 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में भारत सहित 33 देशों और देश के 12 राज्यों के फिल्मकार, कलाकार, सिनेमा विशेषज्ञ और फिल्म जगत से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
फिल्म समारोह में ईरान, पुर्तगाल, कनाडा, मैक्सिको, नेपाल, अमेरिका, दक्षिण कोरिया, रूस, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, अजरबैजान, पोलैंड, बांग्लादेश, बुल्गारिया, चीन, स्विट्जरलैंड, मलेशिया, जर्मनी, स्पेन, फ्रांस, ब्रिटेन, क्रोएशिया, इंडोनेशिया, इटली, फिलिस्तीन, रवांडा, युगांडा, थाईलैंड और यूक्रेन सहित कई देशों की भागीदारी रहेगी। समारोह में अलग-अलग देशों की संस्कृति, समाज और फिल्म निर्माण की विविध परंपराओं को दर्शाने वाली फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के साथ भारतीय सिनेमा की विविधता भी इस आयोजन में देखने को मिलेगी। केरल, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, राजस्थान, मणिपुर, ओडिशा, बिहार और कर्नाटक सहित 12 राज्यों के फिल्मकार और सिनेमा से जुड़े प्रतिनिधि समारोह में शामिल होंगे।
फिल्म समारोह का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध लेखक एवं फिल्म निर्देशक अमित राय का संवाद सत्र रहेगा। अमित राय सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। वर्ष 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘OMG 2’ का लेखन और निर्देशन उन्होंने किया था। फिल्म में अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई थीं।
‘OMG 2’ ने शिक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को केंद्र में रखा और इसे दर्शकों तथा समीक्षकों से व्यापक प्रतिक्रिया मिली। फिल्म को 69वें फिल्मफेयर पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ कहानी का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।
अमित राय के साथ होने वाला संवाद सत्र युवा फिल्मकारों, सिनेमा विद्यार्थियों और फिल्म निर्माण में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। इसमें कहानी लेखन, निर्देशन और सामाजिक विषयों को सिनेमा के माध्यम से प्रस्तुत करने सहित विभिन्न पहलुओं पर संवाद होने की उम्मीद है। वहीं, लोकप्रिय अभिनेता शरीब हाशमी फिल्म महोत्सव के पहले दिन 25 सितंबर को विशेष सत्र में दर्शकों से रूबरू होंगे। टेलीविजन से करियर की शुरुआत करने वाले शरीब हाशमी ने हिंदी सिनेमा और डिजिटल मनोरंजन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
फिल्म ‘फिल्मिस्तान’ में उनके अभिनय को व्यापक सराहना मिली। इसके अलावा उन्होंने ‘जब तक है जान’, ‘बत्ती गुल मीटर चालू’, ‘फाइटर’ और ‘धाकड़’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है। वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ में जे.के. तलपड़े का उनका किरदार दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय हुआ।
फेस्टिवल डायरेक्टर पुष्प राज ठाकुर ने कहा कि सिनेमा भौगोलिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे जाकर लोगों को जोड़ने का काम करता है। उन्होंने कहा कि 33 देशों और भारत के 12 राज्यों के फिल्मकारों एवं सिनेमा प्रतिनिधियों की भागीदारी समारोह के 12वें संस्करण को व्यापक अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करती है।
उन्होंने देश-विदेश के फिल्मकारों और सिनेमा प्रेमियों का शिमला में स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन फिल्मकारों को अपनी कहानियां, विचार और अनुभव साझा करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराएगा।
ऐतिहासिक गेयटी थिएटर तीन दिवसीय फिल्म समारोह का प्रमुख आयोजन स्थल होगा। यहां विभिन्न देशों और भारत के अलग-अलग हिस्सों से आई फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ फिल्मकारों और कलाकारों के संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार फिल्म समारोह में फिल्मकारों, मीडिया प्रतिनिधियों, फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग से जुड़े पेशेवरों, विद्यार्थियों तथा सिनेमा प्रेमियों की भागीदारी रहेगी।
12वां इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ शिमला का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार तथा हिमालयन वेलोसिटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन शिमला में देश-विदेश के सिनेमा, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति के विविध रंगों को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा।











