राज्य स्तरीय जनजातीय मेला–2026 : व्यापारियों को बड़ी राहत, 24 अगस्त तक संचालित रहेंगे सभी व्यापारिक स्टॉल

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 31 जुलाई
उपायुक्त एवं अध्यक्ष, राज्य स्तरीय जनजातीय मेला समिति, लाहौल एवं स्पीति किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय जनजातीय मेला–2026 के अंतर्गत पुलिस ग्राउंड, केलांग में स्थापित सभी व्यापारिक स्टॉल इस वर्ष केवल मेले की निर्धारित अवधि 14 से 16 अगस्त तक ही सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि 14 अगस्त से 24 अगस्त, 2026 तक आम जनता एवं पर्यटकों के लिए खुले रहेंगे।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय दूर-दराज़ क्षेत्रों तथा देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले व्यापारियों, हस्तशिल्पियों एवं उद्यमियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इन व्यापारियों द्वारा परिवहन, आवास, स्टॉल स्थापना एवं अन्य व्यवस्थाओं पर होने वाले व्यय को देखते हुए स्टॉल संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, ताकि उन्हें अपने निवेश का बेहतर प्रतिफल प्राप्त हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि व्यापारिक स्टॉलों के संचालन की अवधि बढ़ने से व्यापारियों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए अधिक समय मिलेगा। इससे न केवल उनकी बिक्री में वृद्धि होगी, बल्कि भविष्य में अधिक संख्या में प्रतिष्ठित व्यापारी, स्वयं सहायता समूह, स्थानीय उद्यमी एवं जनजातीय हस्तशिल्पी भी इस मेले में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल राज्य स्तरीय जनजातीय मेले को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, पर्यटन, पारंपरिक जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प के संरक्षण और संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही स्थानीय निवासियों एवं लाहौल-स्पीति आने वाले पर्यटकों को भी मेले के समापन के बाद भी 24 अगस्त तक विभिन्न उत्पादों की खरीदारी का अवसर उपलब्ध होगा।
उपायुक्त ने सभी स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों से आग्रह किया कि वे इस विस्तारित अवधि का लाभ उठाते हुए जनजातीय संस्कृति, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लें तथा स्थानीय उद्यमियों और व्यापारियों को प्रोत्साहित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *